उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में 25 बीघा जमीन और 20 लाख रुपये की एफडी (FD) के विवाद में अपनी पत्नी की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव का अंतिम संस्कार करने वाले आरोपी पति सतीश सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

यह सनसनीखेज मामला नवाबगंज के दत्तनगर माझा डिहवा गांव का है। बताया जाता है कि आरोपी सतीश सिंह का अपनी 40 वर्षीय पत्नी पूजा सिंह के साथ 25 बीघा जमीन और 20 लाख रुपये की एफडी को लेकर विवाद चल रहा था। वारदात के दिन आरोपी ने चालाकी से अपने एक बेटे को बाइक में तेल डलवाने भेजा, दूसरे बेटे को पुराने घर भेज दिया और बेटी को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उसने दूसरे कमरे में पूजा की हत्या कर दी।
साक्ष्य मिटाने का प्रयास
हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपी ने पहले शव को फंदे से लटकाया। बाद में, मायके वालों और पुलिस को बिना कोई सूचना दिए, गुपचुप तरीके से ढेमवा घाट पर शव का अंतिम संस्कार (दाह संस्कार) कर दिया ताकि कोई सबूत न बचे। मृतका के भाई प्रदीप कुमार सिंह को जब ग्रामीणों से इसकी भनक लगी, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस कि कार्यवाही
नवाबगंज थाना पुलिस ने भाई की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति सतीश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच कर रही है।
