ब्यूरो रिपोर्ट
गोण्डा । तरबगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत रानीपुर के केवला घाट स्थित माँ सम्मय माता मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया। अभियान के दौरान मंदिर परिसर, आसपास के रास्तों एवं सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई की गई। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से परिसर में फैले कूड़े-कचरे को एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया। स्वच्छता अभियान का मुख्य उद्देश्य धार्मिक स्थल को साफ-सुथरा एवं स्वच्छ बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। अभियान में शामिल लोगों ने कहा कि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण से श्रद्धालुओं को भी बेहतर माहौल मिलता है और धार्मिक स्थल की गरिमा बनी रहती है।

इस मौके पर मंदिर पुजारी लाल बहादुर पांडेय, मनोज पांडेय ‘बबलू भाई’, महानगर अध्यक्ष—राष्ट्रीय मजदूर परिषद, सूरत एवं अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद, कोटेदार राम दिवाकर पांडेय, छेदी लाल, मौलन सिंह, शत्रोहन तिवारी केनाहूरा, रमेश पाण्डेय गाडोली, पप्पू शर्मा सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।

अभियान के दौरान उपस्थित लोगों ने मंदिर परिसर में नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने और आने वाले श्रद्धालुओं को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। लोगों ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई को लेकर सजग रहे तो गांव, कस्बे और धार्मिक स्थल स्वच्छ एवं सुंदर बनाए जा सकते हैं। स्वच्छता अभियान के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी ने मिलकर श्रमदान किया और मंदिर परिसर को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। अभियान के समापन पर उपस्थित लोगों ने भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक एवं जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय सहभागिता करने की बात कही।
