हत्या व आत्महत्या मे उलझी मौत की गुथी, पीएम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
गोंडा जनपद के मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के करौदी गांव मे नवयुवक की खेत में फांसी से लटकता शव मिलने से हाहाकार मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार के तड़के लगभग 5 बजे मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के करौदी गांव के रहने वाले 19 वर्षीय रंजीत पुत्र स्वर्गीय मिश्रीलाल ने अपने खेत में फांसी के फंदे से सुसाइड कर लिया। मामले की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्राम प्रधान के सूचना पर पहुंची मनकापुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

लोन की किस्त के दबाव से था परेशान
चर्चा के मुताबिक रंजीत अपने भाइयों में सबसे छोटा था, फिर भी रंजीत के ऊपर ही परिवार की पूरी जिम्मेदारी थी। कुछ दिनों पूर्व बहन की शादी करने के बाद से वह कर्ज में डूबा हुआ था। आज के दिन उसे लोन की किस्त अदा करनी थी, जिसके कारण से वह मानसिक रूप से इतने दबाव में आ गया कि रात में सोने के बाद अपने खेत में बने मढ़ई (छप्पर) के बल्ली में दुप्पटे का फंदा बनाकर सुसाइड कर लिया। सुबह 5 बजे जब परिवार के अन्य सदस्यों की नींद टूटी तो उसका शव फांसी के फंदे से लटक रहा था। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव को फांसी के फंदे से उतारा और ग्राम प्रधान द्वारा पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई, परिवार के लोग फूट फूट कर रोने लगे। ग्राम प्रधान की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया गया, पुलिस द्वारा पंचायत नामा के उपरांत अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
