आरोपी शिक्षक के विरुद्ध यौन शोषण सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज
दुर्गेश जायसवाल (News Nnc24)
कर्नलगंज (गोण्डा) तहसील व शिक्षा क्षेत्र कर्नलगंज के अन्तर्गत बेसिक शिक्षा विभाग के एक सरकारी स्कूल में कार्यरत बाराबंकी निवासिनी एक महिला सहायक अध्यापिका ने कोतवाली नगर बाराबंकी में तहरीर देकर कर्नलगंज के ही एक कंपोजिट विद्यालय के आरोपी अध्यापक विनीत वर्मा के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया है।

पीड़ित महिला ने कोतवाली में दी गई तहरीर में कर्नलगंज विकास खंड के अन्तर्गत एक सरकारी कंपोजिट विद्यालय में पढ़ाने वाले सहायक अध्यापक पर मारने पीटने,जबरन शोषण, सामाजिक रूप से अपमानित करने एवं जान से मार डालने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। बाराबंकी शहर के एक मोहल्ला निवासिनी महिला ने बताया कि वह गोंडा में कर्नलगंज ब्लॉक के बेसिक शिक्षा विभाग के एक विद्यालय में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत है। महिला के मुताबिक मोहल्ला रामनगर बाग बेगमगंज निवासी विनीत वर्मा भी वहीं कर्नलगंज के कंपोजिट विद्यालय लालेमऊ में कार्यरत है। सहायक अध्यापिका ने कोतवाली नगर में विनीत वर्मा के खिलाफ तहरीर दी है। जिसमें पीड़िता ने बताया कि आरोपित आए दिन अपने धन बल के आधार पर उसके साथ आए दिन गलत मानसिकता के साथ शारीरिक रूप से जबरन शोषण करने का प्रयास करता है। इसकी पीड़िता ने पूर्व में शिकायत भी कोतवाली नगर में की थी,और आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ था। पीड़िता के मुताबिक 28 अक्टूबर को शाम को जब वह अपने किराये के घर में अकेली थी तो आरोपित विनीत वर्मा पुनः शराब के नशे में धुत होकर घर में घुस आए और उसके साथ जबरन शारीरिक शोषण करने का प्रयास किया। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपित ने उसे मारा पीटा और गालियां देते हुए उसे व उसके पति व पूरे परिवार को जान से मार डालने की धमकी दी। उसके शोर मचाने पर आरोपी उसका फोन लेकर भी घर से भाग गया। जिस पर महिला द्वारा दूसरे के फोन से अपने परिजनों को जानकारी दी गई और परिजनों के साथ कोतवाली बाराबंकी में इस संबंध में दिनांक 20 अक्टूबर 2024 को आरोपी के विरुद्ध शिकायती पत्र देकर सूचना दी। महिला ने बताया कि दिनांक 29 अक्टूबर 2024 को आरोपी ने पुनः धमकी दी कि मुझे कर्नलगंज में नौकरी नहीं करने देगा। बताया कि जिस विद्यालय में वह कार्यरत है वह रोड से दूर है। जिससे उसे प्राइवेट गाड़ी से जाना पड़ता है,आरोपी ने उसे भी बंद करा दिया। ऐसी स्थिति में स्कूल जाकर शिक्षण कार्य करने में डर लग रहा है। पीड़ित सहायक अध्यापिका की तहरीर पर कोतवाली नगर में आरोपित विनीत वर्मा के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। इस संबंध में कोतवाली नगर बाराबंकी के प्रभारी निरीक्षक आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
