News Nnc24
बहराइच। उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच के देहात कोतवाली क्षेत्र से बंधुआ मजदूरी और उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक दलित श्रमिक ने ईंट भट्ठा मालिक पर मजदूरी मांगने पर तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखने, मारपीट करने और जातिसूचक गालियां देने का गंभीर आरोप लगाया है। स्थानीय पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित ने अब देवीपाटन मंडल के आईजी और कमिश्नर से न्याय की गुहार लगाई है।

मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत पसियन पुरवा (रसूलपुर सरैया) का है। पीड़ित बबलू के अनुसार, वह पिछले 6 महीनों से मनीष जायसवाल के ईंट भट्ठे पर लगातार मजदूरी कर रहा था। विवाद तब शुरू हुआ जब बबलू ने अपने काम के बकाये के 30 हजार रुपये मांगे।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपनी मेहनत की कमाई मांगी, तो भट्ठा मालिक मनीष जायसवाल ने पैसे देने में आनाकानी शुरू कर दी। कई दिनों तक तगादा करने पर आरोपी ने आक्रोशित होकर उसे जबरन तीन दिनों तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान उसे बेरहमी से पीटा गया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया गया।
बबलू ने बताया कि वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से जान बचाकर भागा और सीधे देहात कोतवाली बहराइच पहुंचा। आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने उसकी आपबीती सुनने के बावजूद मामले में एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं की। स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने से क्षुब्ध होकर पीड़ित बबलू ने आज देवीपाटन मंडल के आईजी (IG) और मंडल आयुक्त (कमिश्नर) को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की मांग की है। इस प्रकरण को लेकर मीडिया ने कोतवाल से बात की तो उन्होंने बताया की प्रार्थना पत्र दोनों पक्ष का आ गया है और उनकी पुरानी रंजिश है जांच कर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी
