
डा0 एन.के मौर्य (चीफ एडीटर)
नए साल की शुभ आरंभ देव स्थानों से शुरू करने के लिए उत्तर प्रदेश के अयोध्या,वाराणसी, मथुरा आदि के मंदिरों में नए साल के पहले दिन भक्तों की अपार भीड़ देखने को मिली। अधिकारियों के मुताबिक, नव वर्ष की पूर्व संध्या पर अयोध्या में 02 लाख से अधिक भक्त पहुंच चुके थे और बुधवार सुबह लगभग 03 लाख से अधिक लोग रामलला के दर्शन के लिए पहुंचे।

अधिकारियों ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती हुई थी। इस दौरान चौबीसों घंटे वाहनों की जांच की गई। पुलिस उपाधीक्षक (अयोध्या) आशुतोष तिवारी ने बताया कि शहर को सात सुरक्षा सेक्टरों और 24 जोन में विभाजित किया गया था, जिसमें प्रत्येक क्षेत्र में वरिष्ठ अधिकारी तैनात किए गए थे। उन्होंने बताया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया गया और भीड़भाड़ से बचने व लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात की आवाजाही को सख्ती से नियंत्रित किया गया।

वहीं वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ देर शाम तक ज्यों का त्यों बनी रही। मंदिर प्रशासन ने बताया कि शाम चार बजे तक करीब साढ़े तीन लाख भक्त मंदिर में पूजा करने और बाबा काशी विश्वनाथ का आशीर्वाद लेने के लिए दर्शन कर चुके थे।

उत्तर प्रदेश में लगातार पारा नीचे गिर रहा है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के आसपास क्षेत्र मे भीषण ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और बागपत जिले में आज (2 जनवरी) को भीषण ठंड का अलर्ट जारी किया गया है। मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा और मुरादाबाद जिले मे भारी ठंड पड़ने का आसार है।
