डॉ0 एन.के मौर्य (चीफ एडीटर)
गोंडा। जिले के थाना क्षेत्र वजीरगंज में सोमवार की देर शाम को अपने खेत में जुताई कर रहे दो सगे भाई सहित तीन लोगों की मौत होना बताया जा रहा है। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम को भेज दिया है।

वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम परसिया के मजरा तिवारी पुरवा निवासी अंजनी कुमार तिवारी ने बताया कि सोमवार को शाम 5 बजे उनका 17 वर्षीय बेटा शिवम तिवारी खेत में लगे झाड़ियों को ट्रैक्टर से जोत कर साफ कर रहा था कि इसी बीच खेत में गिरे हाई टेंशन तार से कंटीले तारों में उतरे करेंट की चपेट में रोटावेटर आने से ट्रैक्टर पर करेंट उतर आया, जिसमें झुलसते भाई को देख उसका 19 वर्षीय बड़ा भाई सत्यनारायण तिवारी उसे बचाने के लिए दौड़ा, मगर वो भी बिजली की चपेट में आ गया, इसी दौरान वहां मौजूद नयपुरवा निवासी 21वर्षीय रवि पांडेय पुत्र रमेश पांडेय भी उन्हें बचाने के लिए दौड़ा, मगर अफसोस शायद तीनों की मौत एक साथ लिखी थी,

इस दौरान तीनों बुरी तरह झुलस गए, जिन्हें आनन फानन अस्पताल ले जाया गया मगर तीनों की मौत हो चुकी थी। इस तरह एक साथ हुई तीन मौतों से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजनों का तो रो रोकर बुरा हाल है।

सत्यनारायण तिवारी
ग्रामीणों के मुताबिक हाईवोल्टेज लाइन खेत में गिर गई थी जिससे तीनों की मौत हो गई। इस घटना से गांव में मातम छाया हुआ है। अंजनी कुमार ने अपने धान की फसल को जानवरों से बचाने के लिए कटीले तार लगाया हुआ था। वहीं बगल में ही सरकारी नल कूप लगा है। सरकारी नल कूप के पास ही ट्रासंफार्मर लगा हुआ है। उसी ट्रांसफॉर्मर से ही 11 हजार हाई बोल्टेज की लाइन का करंट उतर आया जिस की चपेट में तीनों आ गए और मौत हो गई। बताते चलें कि वजीरगंज थाना क्षेत्र के कोठा कुर्मी पुरवा निवासी 35 वर्षीय राम गोपाल पुत्र भाई लाल वर्मा की भी रविवार की देर रात्रि में करंट उतर आया जिस की चपेट में आकर मौत हो गई थी।

शिवम तिवारी
दो सगे भाइयों की मौत से घर में टूटा दुखों का पहाड़
खेत में काम कर रहे दो सगे भाई शिवम और सत्य नारायण की मौत से घर में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चारों तरह रोने की आवाज ही आ रही थी। इस मौत से घर के लोग टूट गए हैं। एसओ संतोष मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। प्रधान श्री निवास पांडेय व पवन तिवारी समेत सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच कर परिवारजनों को सांत्वना दे रहे हैं।
