एसडीएम ने दिए जांच के निर्देश
दुर्गेश जायसवाल
करनैलगंज(गोंडा)। नगर पालिका परिषद करनैलगंज के अंतर्गत लखनऊ मार्ग के किनारे की बेशकीमती भूमि के साथ-साथ तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा तेजी से चल रहा है। जिसमें ग्राम पिपरी जो मौजूदा समय में करनैलगंज नगर पालिका क्षेत्र में शामिल हो चुका है।

बताते चलें कि गोंडा लखनऊ मुख्य मार्ग के किनारे एक तालाब की भूमि के बगल खातेदारों की भूमि है उस भूमि पर तेजी से मिट्टी पटाई कर प्लाटिंग और निर्माण का कार्य चलाया जा रहा है। वहीं बृहस्पतिवार को भी तालाब के किनारे की जमीन पर मिट्टी पटाई का कार्य तेजी से चल रहा था। मौके पर जो स्थिति है उसमें मिट्टी पटाई का कार्य तालाब में होने की पुष्टि हो रही है। आसपास के ग्रामीणों का कहना है कि वह तालाब बहुत पुराना है और शादी विवाह के मौके पर तलिया पूजन के साथ दूल्हे का मौर विसर्जन भी उसी तालाब में किया जाता है। तालाब की पटाई होने से मांगलिक कार्यों में पूजन प्रभावित होगा। वहीं प्लाटिंग करने वाले मोहम्मद इरफान खान का कहना है कि उनके खाते की भूमि तालाब से सटी हुई है उस भूमि पर मिट्टी कटाई का कार्य कराया जा रहा है। तालाब की भूमि को छोड़ दिया गया है। दूसरी तरफ तहसीलदार मनीष कुमार का कहना है कि प्लाटिंग करने वाले खातेदार और तालाब की भूमि का सीमांकन करके अलग करने के लिए टीम को लगाया जा रहा है। राजस्व विभाग की टीम मौके पर जाकर तालाब की भूमि को चिन्हित करेगी। यदि तालाब की भूमि पर भी कब्जा किया गया है तो तत्काल प्रभाव से हटाया जाएगा। इस संबंध में एसडीएम भारत भार्गव का कहना है मौके पर लेखपाल को भेजा जा रहा है जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
