एन.के मौर्य (News Nnc24)
जनपद गोण्डा के थाना खरगूपुर स्थित कुआनो जंगल मे हुई बुजुर्ग की हत्या का पुलिस ने पर्दफाश कर दिया है। ज़मीन की लालच मे साथ लकड़ी काटने गये बेटे ने ही अपने पिता की हत्या कर दी थी। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा है।

बताते चलें कि दिनांक 13 सितम्बर को खरगूपुर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम शिवगढ़ निवासी गंगासागर व उनका पुत्र अनोखीलाल लकड़ी काटने हेतु कुआनों जंगल गए थे जहां पर अज्ञात हमलावरों ने उनपर धारदार हथियार से हमला किया गया। जिसमें गंगासागर की मौके पर ही मृत्यु हो गयी तथा अनोखीलाल घायल हो गया है जिसे उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस सूचना पर तत्काल पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा स्थानीय पुलिस बल के साथ घटलास्थल पर पहुॅचकर निरीक्षण किया गया। मृतक के शव के पंचायतनामा की कार्यवाही कर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया। फील्ड यूनिट डॉग स्क्वायड टीम को घटना स्थल पर बुलाकर साक्ष्य संकलन की कार्यवाही करायी गयी। मृतक के पुत्र अलखराम की लिखित तहरीर पर थाना खरगूपुर में अज्ञात अभियुक्तों के विरूद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल द्वारा घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुये घटना के सफल अनावरण हेतु एस0ओ0जी0 सर्विलांस सहित 05 पुलिस टीमों का गठन कर थानाध्यक्ष खरगूपुर को अभियुक्तों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये थे। इसी क्रम में आज दिनांक 16 सितम्बर 2025 को तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्य संकलन के आधार पर पुलिस टीम द्वारा घटना का सफल अनावरण करते हुए हत्यारोपी अभियुक्त अनोखीलाल पुत्र स्व0 गंगासागर नि0 शिवगढ थाना खरगूपुर जनपद गोण्डा को कुआनों जंगल शिवगढ से गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही से आलाकत्ल 01 लोहे का बांका बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना खरगूपुर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर जेल रवाना किया गया है।

हत्यारे बेटे ने इस तरह खोला राज
पुलिस द्वारा पूछताछ में अभियुक्त अनोखीलाल द्वारा बताया गया कि वह 03 भाई हैं जिसमें वह सबसे बड़ा भाई है। अभियुक्त का पिता वर्तमान में अपने सबसे छोटे पुत्र (अभियुक्त के सबसे छोटे भाई) के साथ रहता था तथा अपनी सम्पत्ति उसी को दान करना चाहता था जिसको लेकर अभियुक्त व उसके पिता में विवाद रहता था । अभियुक्त ने हाल ही में अपनी पुत्री का विवाह किया था, जिसके कारण वह आर्थिक कर्ज़ में था और पिता से आर्थिक सहयोग चाहता था। पिता द्वारा आर्थिक मदद से इनकार करने पर अभियुक्त क्षुब्ध हो गया। उसने पूर्व सुनियोजित योजना के तहत लकड़ी काटने का बहाना बनाकर अपने पिता के साथ कुआनों जंगल में गया, जहाँ पैसों को लेकर दोनों में तीखी बहस हुई । इसी दौरान अभियुक्त ने धारदार हथियार बांका से अपने पिता की गला रेतकर हत्या कर दी । अभियुक्त ने घटना को छिपाने और स्वयं को बचाने के लिए झूठी कहानी गढ़ी और हत्या का दोष दो अज्ञात व्यक्तियों पर लगाया । इस प्रकार अभियुक्त अनोखीलाल द्वारा मनगढंत चोर सम्बन्धी कहानी रचकर सुनियोजित तरीके से अपने पिता की हत्या की गयी व अलकत्ल बांका थोड़ी दूर पर फेंक दिया जिसे अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस द्वारा बरामद कर लिया गया है ।
