विद्युत विभाग के अधिकारियो के आश्वासन के बाद छोडा
एन.के मौर्य (News Nnc 24)
बलरामपुर: शारदीय नवरात्रि के पर्व पर भी बिजली की नियमित आपूर्ति न होने से बलरामपुर कोतवाली देहात के दुर्गापुर गांव के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार रात, लगातार बिजली कटने और बार-बार ट्रिपिंग होने के कारण ग्रामीणों ने बिजली विभाग के दो कर्मचारियों, लाइनमैन सदगुर और मनोज कश्यप को पकड़कर एक पेड़ से बांध दिया।
गांव निवासी प्रमोद मिश्रा ने बताया कि दोनों लाइनमैन किसी काम से गांव आए थे। जब ग्रामीणों ने घंटों से चल रही बिजली समस्या पर जवाब मांगा और संतोषजनक उत्तर नहीं मिला, तो उन्होंने कर्मचारियों को कुछ समय के लिए पेड़ से बांध दिया। स्थिति तब सामान्य हुई जब विभाग के उच्चाधिकारियों ने ग्रामीणों को फोन पर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि रोजाना रात 9 बजे बिजली कट जाती है, फिर लगभग 1 बजे बहाल होती है, उसके बाद 3 बजे कटौती और देर रात तक ट्रिपिंग होती रहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही और मनमानी कटौती ने नवरात्रि जैसे पर्व के उत्साह को भी प्रभावित किया है। क्षेत्रीय अवर अभियंता कमलेंद्र सिंह ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है और विभाग जल्द ही समस्या का समाधान करेगा।
