डा0 एन.के मौर्य
नवाबगंज (गोंडा) जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के कोल्हमपुर इमाम गांव के पास सड़क के किनारे लगे सूखे पेड़ से टकराकर एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बताते चलें कि कोल्हमपुर इमाम गांव निवासी श्यामू यादव (25)पुत्र राजकरन बोरिंग और नल लगाने का काम करता था। शुक्रवार की सुबह करीब 10:30 पर घर से वह टिकरी की तरफ अपनी बाइक से काम पर जा रहा था। रास्ते में गांव के ही भुतहवा मजरा में वह किशुनदासपुर – कटरा भोगचंद मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे लगे सूखे आम के पेड़ से टकरा गया। इस हादसे में उसे गंभीर चोटें आई थी। गांव के ही पूर्व प्रधान टिंकू सिंह ने एंबुलेंस के माध्यम से श्यामू यादव को नवाबगंज सीएचसी भेजा जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक निर्भय नरायन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतक के पिता और माता आशापती ने बताया कि करीब 05 वर्ष पहले मृतक का विवाह थाना क्षेत्र के ही चौबेपुर गांव की निवासिनी कंचन से हुआ था लेकिन कोई संतान नहीं हुई। मृतक 04 भाइयों में दूसरे नंबर पर था। युवक की मौत से घर परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी और मां का रो-रो कर बुरा हाल है।
